पंचायत चुनाव की मतगणना में बैंकों के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को छोड़कर सभी कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दिए जाने से चार दिन के लिए बैंक बंद रहेंगी।
अब तक चुनाव में तमाम ड्यूटी कर चुके बैंक कर्मियों ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देशों के तहत कभी तीन दिन से अधिक बैंक बंद नहीं की जाएगी। पिछले माह से द्वितीय और चतुर्थ शनिवार को बैंक बंदी का आदेश होने पर दिवाली में भी चार दिन बैंक बंद रहीं। बैंक कर्मी बताते हैं कि चुनाव या मतगणना में बैंक में एक या दो कर्मचारी छोड़ दिए जाते थे, जो एकल हस्ताक्षर से डेबिट और क्रेडिट वाउचर पास करता, कैशियर के माध्यम से लेनदेन होता रहा है, इससे बैंक का कामकाज भी प्रभावित नहीं होता था। इस बार मतगणना में कई विभाग के कर्मियों को छोड़कर बैंकों का पूरा स्टाफ ड्यूटी में लगा दिया गया है, जिससे 11 को प्रशिक्षण, 12 को पाक्षिक बंदी, 13 और 14 दिसंबर को मतगणना ड्यूटी के कारण चार दिन बैंक बंद हो रही हैं।
इलाहाबाद बैंक चार दिन बंद
ममरी। कस्बा स्थित इलाहाबाद बैंक के कर्मचारियों की ड्यूटी मतगणना में लगाने से बैंक में चार दिन का अवकाश घोषित कर दिया गया है।
प्रबंधक मृत्युंजय सिंह ने बताया कि समस्त बैंक कर्मियों की ड्यूटी मतगणना में लगने से बैंक शुक्रवार से सोमवार तक बंद रहेगा। मंगलवार से बैंकिंग कार्य सुचारु होगा। शुक्रवार को भी बैंक बंद रहने से तमाम खातेदार इधर उधर भटकते रहे।