एटीएम में लग रहीं हैं लाइन
नगर में बैंकों में कैश की कमी बनी हुई है। जहां लोगों को अब भी निर्धारित राशि से कम पर भुगतान लेकर संतोष करना पड़ रहा है, वहीं लोग एटीएम पर कड़ी ठंड में भी लाइन में लगकर रुपये लेने को विवश हैं।
ममरी। गुरुवार के अवकाश बाद शुक्रवार को बैंकों के ताले खुलते ही ममरी की इलाहाबाद बैंक, हैदराबाद की पंजाब नेशनल बैंक, गनेशपुर की ओरियंटल बैंक, रोशननगर, छत्तीपुर नं 18, अजान की इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक में खातेदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। कुछ बैंकों में एक बजे तक सर्वर डाउन रहने से बैंकिंग कार्य बाधित रहा। जिससे खातेदारों को कड़ाके की ठंड में लाइन में खड़े होकर नेटवर्क चालू होने का इंतजार करना पड़ा। सर्वर सही होने पर भुगतान का कार्य दोपहर बाद चालू हो सका। फिर भी कैश खत्म होने से तमाम खातेदारों को मायूस होकर खाली हाथ लौटना पड़ा।
संसारपुर। नोटबंदी के बाद पहली बार संसारपुर की दोनों बैंकों मे खातेदारों की लाइन देखने को नहीं मिली। इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक संजय दीक्षित ने बताया कि अगर ऐसे ही कैश मिलता रहा तो खातेधारकों को परेशानी नहीं होगी। जिला सहकारी बैंक में भी दो हजार रुपये का भुगतान किया गया।