किसी में कैश न होने की सूचना चस्पा, किसी का हुआ शटर डाउन
बैंकों में लगातार पांच दिन की लंबी छुट्टी पड़ने से शहर के अधिकांश एटीएम खाली हो गए हैं। कुछ एटीएम पर कैश न होने की सूचना चस्पा कर दी गई तो कुछ एटीएम के शटर डाउन कर दिए गए है। कई एटीएम ऐसे भी हैं जो खुले तो हैं उन पर कैश न होने की सूचना भी चस्पा नहीं की गई है लेकिन उनमें कैश न होने के कारण धन की निकासी नहीं हो पा रही है।
बैंकों में आठ अक्तूबर से छुट्टी चल रही है। आठ को माह का दूसरा शनिवार, नौ अक्तूबर को रविवार, 10 अक्तूबर को दुर्गा पूजा, 11 अक्तूबर को विजयादशमी और 12 अक्तूबर को मोहर्रम का अवकाश है। अब बैंक 13 अक्तूबर गुरुवार को खुलेंगे। बैंक बंदी के दौरान धन निकासी का एक मात्र साधन एटीएम ही बचता है। लेकिन हालत यह हैं कि शहर के अधिकांश एटीएम में सोमवार को ही कैश खत्म हो गया। इलाहाबाद बैंक ने अपने एटीएम पर कैश न होने की सूचना चस्पा कर दी तो बैंक आफ बड़ौदा ने अपने एटीएम के शटर डाउन कर दिए। एटीएम में पैसा खत्म हो जाने के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। लोग उधार लेकर काम चला रहे हैं।
पलियाकलां। बैंकों में लगातार छुट्टियों से लोग परेशान ही थे कि अब एटीएम भी साथ छोड़ चुके हैं। उनमें रकम नहीं है और इससे भी लोग परेशान हो रहे हैं। तकरीबन सभी बैंकों के एटीएम से रकम खाली हो चुकी है इससे लोग आर्थिक कार्य नहीं कर पा रहे हैं। तमाम लोगों को एटीएम तक आते और फिर निराश जाते देखा जा रहा है।