चार दिन की छुट्टियों के बाद सोमवार को बैंक खुलने पर उपभोक्ताओं की भीड़ बैंकों में उमड़ पड़ी। स्टेट बैंक समेत सभी बैंकों में दिन भर पैसा जमा करने और निकालने वालों के साथ ड्राफ्ट बनवाने वाले लोगों की लंबी-लंबी कतार लगी रहीं। आम दिनों में जो काम 15 से 20 मिनट में हो जाता था वह सोमवार को एक से डेढ़ घंटे में निपटा। इससे उपभोक्ताओं को खासी परेशानी उठानी पड़ी।
बृहस्पतिवार को ईद-मिलादुन्नबी, शुक्रवार को क्रिसमस का अवकाश रहा। शनिवार और रविवार को नियमित बंदी के कारण बैंक बंद रहे। चार दिन की बैंक बंदी से शहर के अधिकतर एटीएम खाली हो गए। सोमवार को जब बैंक खुले तो काम निपटाने वाले लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सबसे ज्यादा भीड़ स्टेट बैंक में रही।
स्टेट बैंक में सरकारी खातों की बहुतायत होने से यहां भीड़ का यह आलम था कि पैर रखने तक की जगह नहीं थी। सामान्य काम निपटाने में लोगों को घंटों लग गए। इलाहाबाद बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, सेंट्रल बैंक, अर्बन कोआपरेटिव बैंक में भी उपभोक्ताओं की काफी भीड़ रही। बैंकों में भीड़ होने से ग्राहकों को परेशानी उठानी पड़ी।