बैंक में रुपये लौटाने वाले कर्मी को सम्मानित करते शाखा प्रबंधक। संवाद
- फोटो : 1
पलियाकलां। एचडीएफसी बैंक में सोमवार को ईमानदारी की मिसाल सामने आई, जब बैंक कर्मी अरमान गुप्ता ने सड़क पर गिरी 50 हजार रुपये की रकम लौटाकर एक किसान की मेहनत की कमाई बचा ली।
भीरा क्षेत्र के दामला फार्म निवासी गुरजीत सिंह बैंक से एक लाख रुपये निकालकर बाहर निकले थे। इसी दौरान उनके पास से 50 हजार रुपये की एक गड्डी सड़क पर गिर गई, जिसका उन्हें पता नहीं चला। इसी बीच बैंक के लोन कलेक्शन कर्मी अरमान गुप्ता की नजर गिरी हुई रकम पर पड़ी। उन्होंने तत्काल रुपये उठाकर शाखा प्रबंधक राघवेंद्र प्रताप सिंह को सौंप दिए। कुछ देर बाद गुरजीत सिंह घबराए हुए बैंक पहुंचे और अपनी रकम खोने की जानकारी दी। पुष्टि होने पर अरमान गुप्ता ने पूरी रकम सुरक्षित उन्हें लौटा दी। अचानक खोई हुई रकम वापस मिलने पर गुरजीत सिंह भावुक हो गए और उन्होंने कर्मी का आभार जताया। बैंक प्रबंधक ने भी अरमान की ईमानदारी की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।