मोहल्ला बहादुर नगर में टूटी और चोक नालियां। संवाद
लखीमपुर खीरी। बारिश के दौरान शमशेर नगर और बहादुर नगर में जलभराव से निजात मिलेगी। इसके तहत साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत से दोनों स्थानों पर नाले और नालियों का निर्माण होगा। इसका प्रस्ताव नगर पालिका ने शासन को भेज दिया है।
नगर पालिका के अधिकारियों के अनुसार, शमशेर नगर के कुछ नाले व बहादुर नगर के सारे नाले नए बनने हैं। करीब 150 नाले व नालियों का निर्माण होना है। वर्तमान में इन मोहल्लों का पानी रेलवे लाइन की ओर बहता है या प्लॉटों में जमा हो जाता है। इससे न केवल आवागमन में दिक्कत होती है, बल्कि बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। स्थायी समाधान के लिए नगर पालिका ने नए नालों के निर्माण का फैसला किया है।
जीआईसी गेट के सामने गिराया जाएगा गंदा पानी
नए नालों के निर्माण से पानी का रुख खीरी मार्ग की ओर मोड़ा जाएगा, जहां से इसे जीआईसी मैदान के गेट नंबर एक के सामने बने शहर के बड़े नाले में छोड़ा जाएगा। योजना के तहत पुरानी नालियों को भी दुरुस्त किया जाएगा और नए नाले बनाकर जलनिकासी को और प्रभावी बनाया जाएगा।
शासन से प्रस्ताव की मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने पर न केवल इन दो मोहल्लों, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी जल निकासी की स्थिति बेहतर होगी।
- डॉ. इरा श्रीवास्तव, नगर पालिका अध्यक्ष