लखीमपुर खीरी। जिले के परिषदीय उच्च प्राथमिक, कंपोजिट और कस्तूरबा विद्यालयों में शनिवार को बैगलेस डे होगा। इस शैक्षिक सत्र में विद्यार्थी 10 दिन बिना बैग के स्कूल जाएंगे। अगस्त से अक्तूबर तक चयनित 10 शनिवारों को गतिविधि आधारित शिक्षण कराया जाएगा।
इन दिनों बच्चों को अनुभवात्मक, गतिविधि आधारित और कौशलपरक शिक्षा से जोड़ा जाएगा। प्रत्येक विद्यालय को 10 बैगलेस डे के आयोजन के लिए 6,500 रुपये दिए गए हैं।
बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि कैलेंडर के अनुसार 22 अगस्त को मिट्टी के खिलौने, स्थानीय शिल्पकार के साथ कौशल कार्यशाला या कला-शिल्प प्रदर्शनी, 29 अगस्त को औषधीय पौधों का उद्यान, कंपोस्ट-वर्मी कंपोस्ट या किचन गार्डन, 12 सितंबर को जल संरक्षण व वर्षा जल संचयन और 19 सितंबर को स्वास्थ्य सुरक्षा व गुड टच-बैड टच से संबंधित गतिविधियां होंगी।
उन्होंने बताया कि 26 सितंबर को पतंग निर्माण, विज्ञान व मॉडल प्रतियोगिता, तीन अक्तूबर को वित्तीय साक्षरता व मिनी बैंक, 10 अक्तूबर को डूडलिंग, भित्ति चित्र, संगीत-नाटक, 17 अक्तूबर को फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी, 24 अक्तूबर को निर्माण स्थल व सार्वजनिक अवसंरचना का अध्ययन और 31 अक्तूबर को एआई, रोबोटिक्स व नई तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। 14 नवंबर को सभी विद्यालयों में बाल मेला आयोजित होगा।