लखीमपुर खीरी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कालाआम में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता ने निरीक्षण किया। इस दौरान डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रमोद वर्मा भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने मरीजों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, जांच व्यवस्था और स्टाफ की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। सीएचसी फरधान के अधीक्षक डॉ. अमित बाजपेई ने बताया कि मेले में सामान्य चिकित्सा परामर्श, जांच व उपचार की सुविधाएं दी जा रही हैं।
मेले के दौरान 20 आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए गए। साथ ही ब्रेस्ट, ओरल और सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। एनसीडी (नॉन कम्युनिकेबल डिजीज) से ग्रसित मरीजों का उपचार डॉ. संदीप राजवंशी ने किया, जबकि तंबाकू सेवन से संबंधित मरीजों की काउंसलिंग एनसीडी काउंसलर दीपक कुमार ने की।
रविवार को जिले के नगरीय और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच कर निःशुल्क दवाएं व परामर्श दिया।
निर्मल नगर नगरीय स्वास्थ्य केंद्र पर 70 मरीजों का इलाज किया गया, जबकि बरबर पीएचसी में 40 मरीजों को देखा गया। इनमें सर्दी-जुकाम, बुखार, त्वचा रोग, बीपी और डायबिटीज के मरीज शामिल रहे।
वहीं पीएचसी सेमरई में 68 मरीजों का उपचार किया गया। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि केंद्र पर कुत्ते-बिल्ली के काटने का इंजेक्शन और सांप के डसने का एंटीवेनम सप्ताह के सभी दिनों उपलब्ध है।