समाजवादी पेंशन योजना के तहत अब उन लाभार्थियों की पेंशन में 50 रुपये की
बढ़ोतरी की जाएगी, जिनके छह से 14 वर्ष के बच्चे रोज स्कूलों में पढ़ने
जाते हैं और शारीरिक रूप से भी हष्ट-पुष्ट हैं। शासन ने ऐसे बच्चों और
अभिभावकों को चिह्नित करने के लिए छह विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों की
टीम बना दी है। टीम स्कूलों में जाकर शासन की ओर से तय मानकों के मुताबिक
बच्चों का टेस्ट लेगी।
समाज कल्याण अधिकारी वीके सिंह ने बताया कि जो
व्यक्ति समाजवादी पेंशन योजना का लाभ पा रहे हैं, उनका सत्यापन कार्य शुरू
किया गया है। टीम में शामिल बीएसए, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सीएमओ, समाज
कल्याण अधिकारी समेत छह जिला स्तरीय अधिकारी ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र के
सरकारी स्कूलों में जाकर बच्चों की शारीरिक और शैक्षणिक स्तर परखेंगे। शासन
ने ऐसे बच्चों की उम्र छह से लेकर 14 वर्ष तक निर्धारित की है। इसके अलावा
कई और बिंदुओं को भी शामिल किया गया है। समाजवादी पेंशन योजना के तहत
लाभार्थियों को 500 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है, लेकिन अधिकारियों
के सत्यापन में शासन से तय मानकों पर खरा उतरने पर लाभार्थियों की पेंशन
में 50 रुपये की अतिरिक्त बढ़ोतरी कर दी जाएगी।