लखीमपुर खीरी। गन्ने की नई प्रजातियों को बढ़ावा देने के लिए अपर गन्ना आयुक्त/नोडल अधिकारी विश्वेश कन्नौजिया ने दो दिवसीय भ्रमण के दौरान विभागीय व चीनी मिल अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने किसानों से स्वीकृत प्रजाति की ही बोआई करने की अपील की।
मंगलवार को उन्होंने गन्ना विकास परिषद संपूर्णानगर, मुरारखेड़ा गांव में किसान महेंद्र सिंह के मिश्रित प्रजाति व इंद्रजीत सिंह के अस्वीकृत प्रजाति के प्लॉट का निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों को उन्नत व संस्तुत प्रजातियों के शुद्ध बीज का उपयोग कर अधिक उत्पादन लेने के लिए प्रेरित किया।
गुलरिया क्षेत्र के भानपुर, भानपुर कला व पड़रिया तुला में भी किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। किसान आदित्य कुमार तिवारी की खेत पर स्थापित गन्ना किस्म कोशा 18231 की आधार पौधशाला का भी अवलोकन किया। इसके बाद चीनी मिल के केन कैरियर, मिल हाउस, बॉयलिंग हाउस व ड्रायर हाउस का निरीक्षण कर प्रबंधन को दिशा-निर्देश दिए। मिल यार्ड में किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
इस दौरान उप गन्ना आयुक्त डॉ. राजेश धर द्विवेदी, डीसीओ वेद प्रकाश सिंह, जीएम शादाब असलम, मुख्य गन्ना अधिकारी उदय भान सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।