महेवागंज/ सुंदरवल। फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के परसेहरी कलां गांव निवासी सर्वजीत सुंदरवल बाजार से खरीददारी कर सोमवार शाम बाइक से घर जा रहा था। भीरा हाईवे के किनारे हकीमपुरवा गांव के पास उसकी बाइक लखीमपुर से सवारी भरकर जा रहे ऑटो से टकरा गई।
टक्कर लगने से तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया। सवारियां ऑटो के नीचे दब गईं और उनमें चीखपुकार मच गई। राहगीरों ने मदद कर सभी को बाहर निकला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने हादसे में घायल सर्वजीत और ऑटो सवार फूलबेहड़ क्षेत्र के तेंदुआ गांव निवासी नुमान और अग्गर खुर्द गांव निवासी लक्ष्मी सहित तीनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। ऑटो और बाइक पुलिस के कब्जे में है। संवाद