लखीमपुर खीरी। रामापुर निवासी ऑटो चालक संजय अवस्थी (46) ने सूदखोर की प्रताड़ना से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने आरोप लगाया कि रुपये को लेकर सूदखोर लगातार उन्हें प्रताड़ित कर रहा था।
मृतक के पुत्र मोहित ने बताया कि उनके पिता ने दो साल पहले शहर के एक युवक से ब्याज पर एक लाख रुपये उधार लिए थे। इसके बदले धीरे-धीरे 2.40 लाख रुपये लौटा दिए, लेकिन आरोप है कि सूदखोर लगातार मूलधन बकाया होने की बात कहकर धमकाता रहा।
मोहित के मुताबिक, 17 अगस्त को सूदखोर कुछ साथियों के साथ घर आया और रुपये मांगते हुए गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि रुपये न लौटाने पर गोली मारने की धमकी भी दी गई। इसके बाद से संजय काफी परेशान रहने लगे।
मंगलवार सुबह संजय ऑटो लेकर घर से निकले थे। लौटने पर उनकी हालत खराब थी। परिजनों के पूछने पर उन्होंने सूदखोरों से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खाने की बात बताई। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। संवाद