लखीमपुर खीरी। खीरी-लहरपुर मार्ग पर लगुचा चौराहा के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार बुजुर्ग चाची की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक और बाइक पर सवार एक अन्य महिला घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया।
सीतापुर जिले के थाना हरगांव के गांव मोहरसा निवासी राजेंद्र उर्फ रिंकू की रिश्तेदारी थाना खीरी के गांव लगुचा में है। बृहस्पतिवार की शाम राजेंद्र उर्फ रिंकू अपनी चाची इंदिरा देवी (70) और बिल्लो रानी को साथ लेकर लगुचा रिश्तेदारी में जा रहा था। वह हेलमेट लगाए था। लगुचा चौराहा के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक पलट गई। बाइक पर सवार इंदिरा देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजेंद्र और बिल्लो रानी घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर काफी लोगों की भीड़ जुट गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन मौके पर छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पहुंची खीरी पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। प्रभारी निरीक्षक फतेह सिंह ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।