गोला गोकर्णनाथ। ब्लॉक मुख्यालय पर हुई ब्लॉक कुंभी की विकास कार्य समिति की बैठक में प्रधानों के लिए सभागार और क्षेत्र पंचायत गेस्ट हाउस के निर्माण सहित कई प्रस्ताव पास किए गए।
ब्लॉक सभागार में ब्लॉक प्रमुख विमल वर्मा की अध्यक्षता में विकास कार्य समिति की बैठक हुई। इसमें प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने ग्राम पंचायत वार अपने प्रस्ताव रखे। बैठक में प्रधानों ने कहा कि ब्लॉक मुख्यालय पर प्रधानों की सभा आदि करने के लिए कोई स्थान नहीं है इसलिए ब्लॉक मुख्यालय पर सभागार का निर्माण कराया जाए। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्यों की मांग पर क्षेत्र पंचायत गेस्ट हाउस निर्माण करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से रखा गया। ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि गेस्ट हाउस ब्लॉक मुख्यालय की निकटवर्ती ग्राम पंचायत में ही बनवाया जाएगा। गोला देहात ग्राम पंचायत में जमीन उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
साथ ही बैठक में स्वास्थ्य विभाग, स्वच्छ भारत मिशन, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, बाल विकास एवं पुष्टाहार, पशु टीकाकरण, प्रधानमंत्री/ मुख्यमंत्री आवास योजना, कृषि, सहकारिता, विद्युत विभाग, गन्ना विभाग, पेयजल, मनरेगा आदि को लेकर विचार विमर्श किया गया। बैठक की शुरुआत मुख्य अतिथि जनार्दन गिरि ने दीप जलाकर की। संचालन विजेंद्र पटेल ने किया। इस मौके पर जनार्दन गिरि, विधायक प्रतिनिधि जवाहर वर्मा, एसडीओ विनीत कुमार वर्मा, जिला पंचायत सदस्य लल्लन शुक्ला, तौहीद खान छोटेलाल, केसर आलमी आदि कर्मचारी मौजूद रहे।