पलियाकलां। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार की रात कुछ लोगों ने ड्यूटी पर मौजूद डाॅक्टर से अभद्रता की। इससे हंगामा खड़ा हो गया। डाॅक्टर ने इसकी जानकारी अधीक्षक को दी। मौके पर पहुंचे अधीक्षक से भी अभद्रता करते हुए दबंग हाथापाई पर उतारू हो गए। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डाॅ. भरत सिंह ने बताया कि मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे गजरौरा गांव निवासी दो व्यक्ति आए, जो नशे में थे। सीएचसी पहुंचकर उन लोगों ने उल्टी में काम आने वाली दवा मांगी और तेज आवाज में बोलने लगे। ड्यूटी पर तैनात डाॅ. आरके वर्मा और फार्मासिस्ट टी. रहमान ने दवा देने की बात कहकर शोर-शराबा न करने को कहा। डाॅक्टरों का आरोप है कि इस पर उक्त लोग भड़क गए और नशे में अभद्रता कर जान से मारने की धमकी देने लगे।
सूचना उनको मिली तो वह भी मौके पर पहुंचे। उन लोगों ने उनके साथ भी अभद्रता की। हाथापाई की कोशिश की। सूचना पर पुलिस ने मौके से दोनों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने आगे की कार्रवाई करने की बात कही है। उधर घटना के बाद देर रात सीएचसी में भी काफी भीड़ जमा हो गई।