गोला गोकर्णनाथ। शुक्रवार को नीलकंठ मैदान में एएसपी नैपाल सिंह की मौजूदगी में सावन माह के प्रथम सोमवार से पूर्व ड्यूटी का रिहर्सल किया गया। पूर्व में सावन माह में ड्यूटी कर चुके तत्कालीन एवं वर्तमान निघासन सीओ राजेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार उपाध्याय, तत्कालीन हैदराबाद एसओ प्रभतेश श्रीवास्तव ने अपने अनुभव साझा किए। महत्वपूर्ण ड्यूटी प्वाइंट बताए।
गोला सीओ राजेंद्र प्रसाद और प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार दुबे ने सावन माह में गोकर्ण तीर्थ पौराणिक शिव मंदिर, भूतनाथ मंदिर, पार्किंग स्थल, सहित विभिन्न ड्यूटी प्वाइंट बताएं, जहां अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
एएसपी ने बताया कि सहनशीलता, धैर्य और साहस के साथ ड्यूटी करें। सौभाग्य है कि सावन में सेवा का मौका मिला है। अचानक यदि कोई घटना हो जाती है तो तत्परता से काम करें। किसी भी श्रद्धालु के साथ दुर्व्यवहार न होने पाए। एएसपी के साथ पुलिस अफसरों ने पौराणिक शिव मंदिर, गोकर्ण तीर्थ परिक्षेत्र के सभी ड्यूटी प्वाइंटों का निरीक्षण किया।
युवाओं का लिया जाएगा सहयोग
सावन माह में एक्स आर्मी मैन और पुलिस फोर्स की तैयारी कर रहे युवाओं का स्वयंसेवक के रूप में सहयोग लिया जाएगा।
सबसे अधिक भीड़ और संवेदनशील ड्यूटी प्वाइंट
सावन माह में अंबेडकर तिराहे, शिव मंदिर मार्ग में प्रवेश करने से पहले मूनलाइट स्टूडियो के पास, शिव मंदिर के मुख्य मार्ग में प्याऊ के पास और मंदिर परिसर में प्रवेश करने से पहले अंतिम बैरियर के पास भीड़ का सबसे अधिक दबाव रहता है। यह ड्यूटी प्वाइंट सबसे अधिक संवेदनशील हैं। यहां जरा सी भी लापरवाही अफरा-तफरी का कारण बन सकती है।