सीएचसी मितौली में भुगतान न मिलने पर प्रदर्शन करती आशा बहुएं : संवाद
मितौली। फरवरी से कार्यों का भुगतान न मिलने से नाराज आशा कार्यकर्ताओं ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मितौली परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए लंबित भुगतान जल्द कराने की मांग उठाई।
आशा वर्कर्स यूनियन के बैनर तले सीएचसी मितौली की आशा कार्यकर्ता प्रदर्शन के बाद स्वास्थ्य मंत्री को संबोधित नौ सूत्रीय ज्ञापन सीएचसी अधीक्षक डॉ. देवेंद्र सिंह को सौंपा। ज्ञापन में कहा कि जब तक उनका बकाया भुगतान नहीं किया जाएगा, तब तक वह कार्य बहिष्कार जारी रखेंगी। आशा वर्करों का कहना था कि कई महीनों से मेहनताना न मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक भुगतान नहीं कराया गया। इस दौरान ब्लाक अध्यक्ष राखी सिंह, सचिव प्रभा अवस्थी, नीरू मिश्रा, सरला, सरोजनी, रामसहेली, ऊषा देवी, मलता देवी, कुशुमा देवी, गीता, पुष्पा देवी, गीता, राजरानी, कुसुमा देवी, मिथलेश, संध्या, सहित आशा वर्कर मौजूद रहीं और भुगतान जल्द जारी करने की मांग करती रहीं।
सीएचसी अधीक्षक ने आशा वर्करों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं से उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।