गोला सीएचसी में हंगामा करतीं आशा बहुओं से वार्ता करते कार्यवाहक सीएमओ एसपी मिश्रा। संवाद
गोला गोकर्णनाथ। नसबंदी कैंप के दौरान मंगलवार को आशा बहुओं और संगिनियों ने हंगामा किया। इससे कार्य प्रभावित हुआ और 13 नसबंदी ही हो पाई।
आशा वर्कर्स यूनियन के आवाह्न पर आशा और संगिनियों का प्रदेश व्यापी अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन 15 दिसंबर से जारी है। इस दौरान मंगलवार को नसबंदी कैंप में जैसे ही टीम जिले से सीएचसी पर पहुंची तो आशा बहुएं हंगामा करने लगीं। हंगामा बढ़ने पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. गणेश कुमार, डॉ अजय वर्मा, बीसीपीएम योगेश कुमार ने समझाने का प्रयास किया लेकिन हंगामा तेज होने पर पुलिस बुलानी पड़ी। सूचना पर कार्यवाहक सीएमओ डॉ. एसपी मिश्र और डीसीपीएम कुलदीप सिंह ने ज्ञापन लिया और कहा कि मांगें उनके स्तर की नहीं है। ज्ञापन शासन को भेज दिया जाएगा। शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करें लेकिन जन स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
आशाओं ने मांग की है कि प्रोत्साहन राशि के बजाय उनका न्यूनतम मानक वेतन निर्धारित किया जाए। ईपीएफ, ईएसआई का सदस्य बनाया जाए। सरकारी कर्मचारी के रूप में वर्गीकृत किया जाए। इसके अलावा विभिन्न मांगें की गई हैं।
डॉ. गणेश कुमार ने बताया कि कैंप प्रभावित हुआ है। 24 से 25 नसबंदी होनी थी, लेकिन 13 नसबंदी ही हो पाईं। इस मौके पर चित्रा मिश्रा, किरन अवस्थी, राकिया बानो, स्नेह लता, रेनू देवी, सुमन वर्मा, नीरज, संगीता, रूबी देवी और सुमन लता आदि मौजूद रहीं।