लखीमपुर खीरी। प्रत्याशियों के समर्थन में शहर और कस्बों में डेरा जमाए बाहरी लोगों ने चुनाव प्रचार थमते ही वापसी की राह पकड़ ली है। शहर के होटलों के अधिकांश कमरे खाली हो गए हैं। अब स्थानीय टीमें अपनी कार्ययोजना के क्रियान्वयन में जुट गई हैं।
खीरी और धौरहरा लोकसभा सीट से नामांकन प्रक्रिया पूरी होते ही जिले में बाहरी लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी। उन्होंने शहर के होटलों और अन्य स्थानों पर अपना रहने का ठिकाना बनाया हुआ था। यह लोग अपने स्तर से प्रचार में जुटे हुए थे। कुछ ने तो प्रत्याशियों के साथ खुलकर वोट मांगे तो कुछ चोरी-छिपे वोटों का समीकरण साधने में लगे रहे। शनिवार शाम चुनाव प्रचार थमते ही इन बाहरी लोगों ने वापसी का रास्ता पकड़ा तो होटलों के कमरे भी खाली होने लगे। उधर, पुलिस-प्रशासन भी सक्रिय हो गया। संवाद