मझगईं के बल्लीपुर में मंदिर जाने वाले रास्ते पर भरा पानी। संवाद
मझगईं। शनिवार सुबह हुई बारिश ने मझगईं समेत बल्लीपुर गांव में सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी। बल्लीपुर में जहां मंदिर जाने वाले मुख्य रास्ते पर जलभराव हो गया। वहीं मझगईं कस्बा में जामा मस्जिद जाने वाली मुख्य सड़क पर जलभराव से आवागमन बंद हो गया। नालियों की सफाई व निकासी की व्यवस्था न होने से लोगों को निकलना दूभर हो गया है।
बल्लीपुर निवासी ग्रामीण छड़ीराम, रूप बसंत, गौतम, अनिल, करन, मुकेश, मुदित, देवेन्द्र, नितिन व मंदिर के पुजारी रामसागर ने बताया कि पानी निकास की कोई व्यवस्था नहीं है। हल्की बारिश होने पर गांव के पुराने हरदेव लाल मंदिर और जय गौरी शंकर मंदिर जाने वाले रास्ते तालाब का रूप ले लेते हैं। जिससे मंदिर पूजा अर्चना करने जाने वाले भक्तों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
मझगईं कस्बा में निघासन रोड से जामा मस्जिद जाने वाले मुख्य रास्ता तालाब बन गया है। पूर्व सदर आबिद अली, हसन मोहम्मद, लतीफ अहमद, एकलाख हुसैन, जाबिर अली ने बताया कि नालियों की सफाई न होने से मस्जिद जाने वाले रास्ते पर बारिश के बाद गंदा पानी भर गया है। जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने डीएम से नालियों की सफाई कराने के साथ ही पानी निकास व नालियों का निर्माण कराने की मांग की है।