जवान इंद्रजीत गुप्ता। स्रोत : सोशल मीडिया
लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गंगोत्रीनगर निवासी सेना के जवान इंद्रजीत गुप्ता का शुक्रवार को जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में निधन हो गया। जवान का अंतिम संस्कार सीतापुर जिला स्थित उनके पैतृक गांव पकरिया धापूपुर में होगा।
सेना से रिटायर पिता अर्जुन लाल गुप्ता ने बताया कि उनका बेटा इंद्रजीत गुप्ता वर्ष 2022 में भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में पहले बैच के तहत भर्ती हुआ था। वह सिग्नल रेजीमेंट में रेडियो ऑपरेटर पद पर तैनात था। तैनाती के बाद जबलपुर और गोवा में ट्रेनिंग हुई, उसकी पहली तैनाती भोपाल में हुई थी। कुछ समय तक वहां रहने के बाद उन्हें कुपवाड़ा भेजा गया था।
बताया कि शुक्रवार को चक्कर आने की बात कहने पर साथी जवानों ने इंद्रजीत को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उनकी मौत हो गई। पिता ने बताया कि फरवरी में हुई बहन की शादी में शामिल होने के लिए वह आया था। इसके बाद अभी छह मार्च को कश्मीर गया था। कुछ दिन पहले वीडियो काल पर बात हुई थी। पिता ने बताया कि पुत्र का पार्थिव शरीर रविवार सुबह सीतापुर में पैतृक गांव पकरिया धापूपुर आएगा।