इन्वेस्टर्स समिट में आठ कंपनियों के 99 करोड़ के निवेश प्रस्ताव से 572 को मिलेगा रोजगार
होटल उद्योग को पर्यटन सेक्टर में लाने की कवायद, हेरिटेज होटल संस्कृति को भी मिलेगा बढ़ावा
आशीष कुमार
लखीमपुर खीरी। मुख्य रूप से दुधवा टाइगर रिजर्व के रूप में दुनिया भर में पहचान रखने वाला खीरी जिला अब पर्यटन उद्योग के आसमान में भी उड़ान भरेगा। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के तहत जिला स्तरीय निवेश कुंभ में पर्यटन सेक्टर में आठ कंपनियों ने 99 करोड़ के निवेश प्रस्ताव दिए हैं। इससे 572 को सीधे तो बड़ी संख्या में अप्रत्यक्ष रूप से लोगों को रोजगार मिलेगा। उधर, सरकार हेरिटेज होटल संस्कृति को भी जिले में बढ़ावा देने पर विचार कर रही है। हिमालय की तलहटी में स्थित खीरी जिला नेपाल राष्ट्र के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा साझा करता है। प्रदेश के मानचित्र में अपनी उत्तर दिशा में मोहाना नदी के जरिए नेपाल से अलग होने वाला यह जिला खीरी अपनी हरियाली और प्राकृतिक विविधता के लिए जाना जाता है। 7,680 वर्ग किलोमीटर वाले प्रदेश के सबसे बड़े जिला खीरी में अकेले दुधवा टाइगर रिजर्व 22 हजार हेक्टेयर में फैला हुआ है। इसके अलावा पौराणिक महत्व का गोला गोकर्णनाथ समेत कई छोटी-बड़ी रियासतों का भी बड़ा महत्व है। खीरी की इसी प्राकृतिक खूबसूरती और ऐतिहासिक पौराणिक महत्व ने पर्यटन उद्योग से जुड़े निवेशकों को आकर्षित किया है। लिहाजा, इन्वेस्टर समिट में नौ कंपनियों ने 99 करोड़ के निवेश प्रस्ताव दिए हैं, जिसके तहत होटल और इको रिसॉर्टरिसॉर्ट सेंटर बनाए जाने हैं। पर्यटन सेक्टर में इस निवेश से 572 लोगों को रोजगार मिलेगा।
कंपनी- निवेश प्रस्ताव- रोजगार सृजन
1- द सनशाइन- 5 करोड़- 40
2- एवीसी हॉस्पिटैलिटी- 15 करोड़-75
3- द जलसा ग्रैंड- 8 करोड़- 25
4- फन मॉल श्रीजी एंटरप्राइजेज- 5 करोड़- 150
5-इको टूअर्स एंड फेअर-20 करोड़-200
6-द अननोन प्लैनेट एमर्जिंग- 35 करोड़- 50
7- टाइगरैनो रिसॉर्ट- 1 करोड़-20
8- रिवर व्यू रिसॉर्ट- 10 करोड़- 12
कुल 99 करोड़- 572
पलिया में बनेगा इको फ्रेंडली रिसॉर्ट, एवीसी हॉस्पिटैलिटी करेगी 15 करोड़ का निवेश
- पलिया में चिन्हित हुई जगह, 50 रूम का वेलनेस एंड इको रिसॉर्ट भी बनेगा
लखीमपुर खीरी। दुधवा टाइगर रिजर्व के महत्व को देखते हुए निजी सेक्टर भी सैलानियों को लुत्फ देने के लिए पूरी तरह तैयार है। दुधवा में हटों की उपलब्धता की मारामारी और प्रतिबंध आदि को देखते हुए अब निजी सेक्टर ने सैलानियों को प्राकृतिक वातावरण के बीच सभी सुविधाएं देने की तैयारी की है। इसके लिए एवीसी हॉस्पिटैलिटी ने 15 करोड़ का निवेश किया है। कंपनी में साझेदार अनन्य विराज ने बताया कि वह पलिया में इको फ्रेंडली रिसॉर्ट बनाने की तैयारी कर रहे हैं, जिसमें 50 कमरे का रिसॉर्ट बनेगा। इसमें 25 कॉटेज और 25 टेंट होंगे। इसके लिए पलिया में जमीन चिन्हित कर ली गई है। संवाद
छोटे बड़े कॉमर्शियल होटलों को होटल उद्योग के दायरे में लाने की हो रही कोशिश
लखीमपुर खीरी। जनपद में छोटे बड़े कॉमर्शियल होटलों को होटल उद्योग के दायरे में लाने की कोशिश की जा रही है, जिससे उनकी विभिन्न समस्याओं का समाधान हो सके। इसके अलावा अन्य राज्यों की तर्ज पर हेरिटेज होटल विकसित करने की भी कवायद है। पिछले साल फिल्मकार मुजज्फ्फरअली की गोला स्थित पैतृक रियासत रही कोटवारा को लेकर प्रस्ताव दिया गया था, जिसको हेरिटेज प्लेस के तौर पर विकसित किया जाना था। हालांकि उस पर कोई ख़ास काम नहीं शुरु हो सका। जिला पर्यटन अधिकारी सुचित चौधरी का कहना है कि हम हेरिेटेज होटल विकसित करने को लेकर भी आशान्वित हैं। अगर किसी रियासत से जुड़े उत्तराधिकारी की तरफ से प्रस्ताव मिलता है, तो विचार किया जाएगा।
खीरी जिला में पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। मुख्य रूप से दुधवा टाइगर रिजर्व के आसपास की जगह निवेशकों के लिए ज्यादा मुफीद है। कारण, वहां पर सैलानियों की काफी संख्या में आवक होती है। होटल और रिसॉर्ट के निवेश को पर्यटन की श्रेणी में रखा गया है। इसके अलावा कॉमर्शियल होटलों को भी उद्योग के तौर पर विकसित करने की कवायद है, जिससे की होटल संचालकों की तमाम समस्याओं का समाधान हो सकेगा।
- सुचित चौधरी, जिला पर्यटन अधिकारी