अतिक्रमण हटाती नगर पालिका की जेसीबी। संवाद
लखीमपुर खीरी। शहर में बढ़ते अतिक्रमण पर सख्ती दिखाते हुए नगर पालिका ने बुधवार को संकटा देवी पुलिस चौकी से सुभाष पार्क के आगे तक अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे किए गए अस्थायी कब्जे हटवाए गए और कई दुकानदारों का सामान जब्त किया गया।
अभियान के दौरान जिन दुकानदारों ने समय मांगा, उन्हें स्वयं अतिक्रमण हटाने का मौका दिया गया। मौके पर मौजूद अधिकारी संजय कुमार ने निर्देश दिए कि बुधवार शाम तक सड़क पूरी तरह खाली कर दी जाए। चेतावनी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण मिलने पर भारी जुर्माना वसूला जाएगा।
मंदिर के सामने सड़क पर लगने वाली फूलों और खाद्य सामग्री की दुकानों को भी हटाया गया। टीम ने सड़क पर सजे सामान को कब्जे में लेकर दुकानदारों को निर्धारित स्थान पर ही दुकान लगाने की हिदायत दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर के आसपास समोसे, फूल और अन्य सामग्री बेचने वाले कई दुकानदार दुकान खाली छोड़कर सड़क पर स्टाल लगा लेते हैं, जिससे दिन भर जाम की स्थिति बनी रहती है और श्रद्धालुओं को वाहन खड़ा करने तक की जगह नहीं मिलती। नगर पालिका के अभियान में आरआई फैज, अभय, सर्वेयर अमित सोनी, देवाशीष मुखर्जी समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।