नसीरूद्दीन मौजी हाल में शनिवार से शुरू किया था अनशन
माकपा ने छात्र की मांगों को किया समर्थन
नोटबंदी से गरीबों की बढ़ी मुसीबतों एवं महंगाई कम करने की मांग को लेकर अनशन पर बैठे छात्र को कोतवाली पुलिस ने जबरन सोमवार की रात में जिला अस्पताल में भर्ती करवा दिया। हालांकि अनशन कर रहे छात्र का कहना है कि उसे कोई दिक्क्त नहीं थी, लेकिन फिर भी कोतवाली पुलिस ने उसे जबरिया अनशन स्थल से उठाकर अस्पताल में भर्ती करा दिया। जिला अस्पताल के डॉक्टर ने अनशनकारी छात्र की हालत ठीक बताई है।
विदेशों में जमा कालाधन वापस लाने, महंगाई पर नियंत्रण, डीजल,पेट्रोल के दाम कम करने और नोटबंदी से हो रहीं गरीब किसानों की दिक्कतों को दूर करने की मांग को लेकर बिजुुआ ब्लाक के सूरजपुर गांव निवासी छात्र अवधेश कुमार ने शनिवार से नसीरूद्दीन मौजी हाल में आमरण अनशन शुरू किया था, जिसे कोतवाली पुलिस ने सोमवार की रात में जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। छात्र का कहना है कि तहसील प्रशासन लगातार अनशन खत्म करने का दबाव बना रहा है। वहीं छात्र का परीक्षण करने वाले डॉ. आरके वर्मा ने छात्र की हालत ठीक बताई है। छात्र का कहना है कि जब तक उसकी मांगों के संबंध में लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता है तब तक अनशन जारी रहेगा। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव बालेश्वर प्रसाद यादव ने अपने साथियों के साथ जिला अस्पताल पहुंचकर छात्र की मांगों का सर्मथन किया।