गौरीफंटा रोड पर जाम लगाकर राेड पर बैठे थारू क्षेत्र के ग्रामीण।
गौरीफंटा। दो दिन पहले कोतवाली की गाड़ी की टक्कर से पीआरडी जवान की मौत के बाद शनिवार को थारू क्षेत्र के ग्रामीणों ने गौरीफंटा रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने न्याय दिलाने की गुहार लगाई, साथ ही कोतवाली चालक के नाम रिपोर्ट दर्ज कराने पर अड़े रहे। देर शाम तक रोड पर जाम की स्थिति बनी हुई थी। चालक के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करने के बाद जाम ही लोगों ने जाम खोला। तीन घंटे तक रोड पर ट्रैफिक जाम रहा।
बृहस्पतिवार को सेड़ा-बेड़ा गांव निवासी राममूर्ति राना का 35 वर्षीय पुत्र पीआडी जवान रामप्रकाश राना सुबह सात बजे संपूर्णानगर चीनी मिल में ड्यूटी करने जा रहा था। बताया जाता है कि वह अपने साथी को लेने सूंड़ा गांव जा रहा था, इस बीच सरियापारा गांव के सामने चंदनचौकी रोड पर गौरीफंटा पुलिस की बोलेरो गाड़ी और पीआरडी जवान की बाइक में टक्कर हो गई। इसमें रामप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गया था। शुक्रवार को जिला अस्पताल में इलाज के दौरान जवान की मौत हो गई।
शनिवार को परिजनों ने न्याय दिलाने की गुहार लगाते हुए सेड़ा-बेड़ा गांव के सामने ही गौरीफंटा रोड पर जाम लगा दिया। भारी संख्या में ग्रामीणों ने शव को रोड पर ही रख दिया। आरोप लगाया कि पुलिस ने अज्ञात के नाम से रिपोर्ट दर्ज की है। जबकि ग्रामीण चालक पर नामजद रिपोर्ट लिखे जाने की मांग कर रहे थे। सीओ आदित्य कुमार ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।
कोतवाली के चालक विपिन कुमार पर मुकदमा दर्ज होने के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। इस दौरान करीब तीन घंटे तक जाम लगी रही और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। सीओ आदित्य कुमार ने बताया कि परिजन को समझाया गया और चालक के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है।