लखीमपुर। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की नौकरी हासिल करने के लिए एक महिला ने फर्जी दस्तावेजों का सहारा लिया। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने आरोपी पूनम के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
क्षेत्र के ईसानगर ब्लॉक के दिलावलपुर गांव निवासी श्याम किशोर मौर्य ने उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी। कहा था कि पूनम पुत्री ओमप्रकाश ने फर्जी अंकपत्र लगाकर नौकरी पाई है। कार्रवाई न होने पर उन्होंने सूचना के अधिकार के तहत पूनम द्वारा नियुक्ति के समय दाखिल किए गए शैक्षिक प्रणामपत्र मांगे।
जब हाईस्कूल के अंकपत्र की जांच की गई तो आंगनबाड़ी पूनम द्वारा दाखिल अंकपत्र का क्रमांक राम प्रवेश यादव के नाम निकला। जिसकी प्रमाणित प्रति के आधार पर श्याम किशोर ने अदालत में धारा 156/3 के तहत प्रार्थनापत्र देकर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। कोर्ट के आदेश के बाद ईसानगर पुलिस ने आरोपी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पूनम के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।