सलीमाबाद-निघासन। सेमहरिया गांव में सांप काटने से हुई एक महिला की मौत के बावजूद परिवार वाले उसकी मौत को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं और अंधविश्वास के चलते उसके जीवित हो जाने की आस में तांत्रिकों के चक्कर लगा रहे हैं। वहीं, इस मामले में डॉक्टर का दावा है कि महिला की मौत शनिवार की सुबह ही हो गई थी।
गांव सेमरहिया निवासी विजयपाल ने बताया कि उसकी 38 वर्षीय पत्नी सियापति शुक्रवार की शाम को खेत में गई थी, जहां उसे एक सांप ने डस लिया। जानकारी होते ही उसे आनन फानन में पलिया सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया लेकिन वहां हालत में सुधार न होने पर उसे लखनऊ के लिए रेफर किया गया। अस्पताल से लखनऊ के लिए निकलते ही महिला की मौत हो गई। इस पर परिवार वाले महिला को फिर अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार की सुबह जब परिवार वाले म हिला का शव लेकर गांव पहुंचे और अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दीं, तब उन्हें किसी ने तांत्रिक के पास जाने की सलाह दी। जिसके बाद वह महिला के शव को लेकर मितौली के एक तांत्रिक के पास पहुंचे। जहां झाड़फूंक की जा रही है। कानूनगो रामआसरे ने बताया कि महिला की मौत रात में रास्ते में ही हो गई थी लेकिन परिवार वाले अंधविश्वास के चक्कर में पड़े हैं। संवाद