मैगलगंज खीरी। मैगलगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव सेमराघाट में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। एक परिवार के इकलौते दो वर्षीय पुत्र की बाथरूम में रखी पानी की बाल्टी में डूबकर मौत हो गई। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।
सेमराघाट गांव निवासी हरजिंदर सिंह उर्फ चिंटू का दो वर्षीय पुत्र वर्षदीप सिंह शुक्रवार सुबह घर के अंदर खेल रहा था। खेलते-खेलते वह बाथरूम में चला गया। वहां पानी से भरी बाल्टी रखी थी। खेलते समय अचानक वह सिल के बल बाल्टी में गिर गया। डूबने से उसकी मौत हो गई। परिजनों को जब काफी देर तक बालक दिखाई नहीं दिया तो उसकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान जब परिजन बाथरूम पहुंचे तो बाल्टी में बच्चे का शव देखकर चीख-पुकार मच गई।
बताया जा रहा है कि मृतक बच्चा परिवार का इकलौता बेटा था। मां-बाप उसे अपने बुढ़ापे का सहारा मान रहे थे। बेटे की असामयिक मौत ने उनका सब कुछ छीन लिया। सूचना पर मैगलगंज पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन शोकसंतृप्त परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया।
उन्होंने मासूम के शव का पोस्टमॉर्टम कराने से मना करते हुए तुरंत अंतिम संस्कार करने का निर्णय लिया। शाम को गांव के श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। हादसे की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।