उधर, 23 मार्च को खीरी में अमृतपाल के मोबाइल की आखिरी लोकेशन मिलने की ख़बर सामने आने के बाद रविवार को एसपी गणेश प्रसाद साहा ने एसएसबी के अधिकारियों के साथ इंडो नेपाल बॉर्डर सहित सीमांत क्षेत्रों में संयुक्त पैदल मार्च किया।
संदिग्ध व्यक्ति की सूचना देने की अपील
बॉर्डर क्षेत्र के चंदनचौकी के धुसकिया गांव में एसपी गणेश प्रसाद साहा ने ग्राम चौपाल के माध्यम से स्थानीय लोगों से संवाद किया। ग्रामीणों से बाहरी व्यक्तियों के आवागमन व इंडो नेपाल सीमा पर किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि संज्ञान में आने पर सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस व सुरक्षा बलों को उपलब्ध कराने की अपील की।
भारत-नेपाल सीमा के लिए बना कवच सेल
एसपी ने भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा को लेकर एसएसबी व अन्य जांच एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के लिए कवच सेल का गठन किया है। पुलिस लाइंस में प्रतीक्षारत इंस्पेक्टर सुनील कुमार दुबे को कवच सेल का प्रभारी बनाया है। इसके अलावा सैनिक सेल का भी अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
एसपी गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि खीरी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी के अधिकारियों के साथ पैदल गश्त की है। इसके अलावा बॉर्डर के स्थानीय लोगों से भी संवाद कर किसी भी अनजान व संदिग्ध व्यक्ति दिखने पर फौरन सूचना पुलिस को देने की अपील की है।