उप्र सर्राफा एसोसिएशन से संबद्ध सर्राफा कमेटी की आम सभा में सोने चांदी के आभूषणों की शुद्धता का मुद्दा छाया रहा। दिवाली से पूर्व 75 प्रतिशत सोना और 70 प्रतिशत चांदी के आभूषणों की बाजार में बिक्री का प्रस्ताव पारित किया गया।
नगर की कृष्णा वाटिका में हुई बैठक में अध्यक्ष रामचंद्र रस्तोगी ने नव नियुक्त प्रांतीय संगठन मंत्री अरविंद गुप्ता रामाजी, वयोवृद्घ व्यापारी सहदेव टंडन, एवं लुटेरों का मुकाबला करने वाले सर्राफ मुकेश गुप्ता का माल्यार्पण कर शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
बैठक में विनोद स्वर्णकार, द्वारिका प्रसाद रस्तोगी, हंसराम एडवोकेट, रामचंद्र स्वर्णकार, अरुण राजपूत, रामसरन शुक्ला, सुभाष राजपूत ने सोने चांदी के आभूषणों में घटती शद्धता का मामला उठाते हुए कहा कि सर्राफा व्यवसाइयों की विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं। इस पर 75 प्रतिशत सोना और 70 प्रतिशत चांदी के जेवरातों की बिक्री का प्रस्ताव पारित कर दीपावली से पूर्व ही प्रस्ताव अमल में लाने की सहमति हुई।
इस संबंध में दो अक्तूबर को पुन: बैठक करने का प्रस्ताव हुआ। प्रांतीय संगठन मंत्री ने अगली बैठक में थोक सर्राफा व्यवसाइयों को विशेष रूप से उपस्थित रहने को कहा।
कमेटी अध्यक्ष रामचंद्र रस्तोगी ने कहा कि जो व्यापारी साहूकारी और व्यापार कर का पंजीकरण कराना चाहते हैं वे फार्म भरने के लिए उनसे संपर्क करें। जल्द ही पंजीकरण करवा दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन में कुछ लोग पद लोलुपता वश फूट डालने का काम कर रहे हैं। ऐसे लोगों को सभी को सावधान और संगठित रहने की आवश्यकता है। अध्यक्षता सहदेव टंडन और संचालन सचिन रस्तोगी ने किया। इस मौके पर रामनरेश स्वर्णकार, शशिकांत गुप्त, श्रीराम राजपूत, मनीष गुप्ता, श्यामजी गुप्ता, दुर्गेश सोनी सहित तमाम सर्राफा व्यापारी मौजूद रहे।
बैठक में दिखा अमर उजाला की खबर का असर
अमर उजाला ने अगस्त माह में कम शुद्धता के सोने चांदी के आभूषणों की बिक्री किए जाने का खुलासा करते हुए समाचार प्रकाशित किया था। खबर का असर सर्राफा कमेटी की बैठक में शुरू से ही दिखाई दिया और व्यापारियों की मांग पर 75 प्रतिशत सोना और 70 प्रतिशत चांदी के आभूूषणों की बिक्री का प्रस्ताव पारित किया गया।