भीरा। बिजुआ विकास खंड के गांव अमरपुर में बुधवार शाम अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। इस हादसे में करीब 60 घर जलकर राख हो गए। तेज हवा के कारण आग की लपटें तेजी से फैलीं और देखते ही देखते कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की चपेट में आने से लीलावती और विनीत झुलसकर घायल हो गए। आग इतनी भयावह थी कि ग्रामीणों को अपना सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला। कई परिवारों की वर्षों की मेहनत पलभर में खाक हो गई और वे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं।
घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन बड़ी संख्या में पशुओं की मौत हो गई।
सूचना पर गोला तहसीलदार भीमचंद, सीओ रमेश तिवारी, लेखपाल संघ के गोला तहसील अध्यक्ष अजय गुप्ता, लेखपाल पंकज कुमार, क्षेत्रीय लेखपाल विनय कुमार और बिजुआ चौकी इंचार्ज सुशील तिवारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
लेखपाल विनय कुमार ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड भी पहुंची, लेकिन तब तक ग्रामीण काफी हद तक आग पर काबू पा चुके थे।
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता और गोला विधायक के चाचा धर्मेंद्र गिरि उर्फ मोंटी भी मौके पर पहुंचे और पीड़ितों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।