लखीमपुर खीरी। कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लॉकडाउन जारी है। इस बीच रोज कमाकर गुजर बसर करने वाले परिवारों के सामने रोजी रोटी का संकट का खड़ा हो गया है। ऐसे में अमर उजाला फाउंडेशन ने जरूरतमंदों की मदद के लिए हाथ बढ़ाए हैं। इस मुहिम में समाजसेवी भी बढ़ चढ़कर मदद कर रहे हैं। कोई संक्रमण से बचाव के लिए गरीबों को मास्क बांट रहा है तो कोई उन्हें दो वक्त का खाना दे रहा है। सड़कों पर घूम रहे गोवंश, बंदर और कुत्ते भी भूखे रहने को मजबूर हैं। इनके लिए गायत्री परिवार से जुड़े युवा आगे आए हैं। युवाओं ने इनकी खातिर माता भगवती देवी वानर प्रसाद सेवा शुरू की है। इसके तहत प्रतिदिन बंदर, कुत्ता और गोवंश को खीरा, तरबूज, चना सहित हरा चारा खिला रहे हैं।
गरीबों को मास्क बांटकर कर रहे जागरूक
कोरोना संक्रमण से गरीबों को बचाने के लिए तिकुनिया निवासी राजीव गुप्ता रोजाना सैकड़ों मास्क वितरित कर रहे हैं। राजीव ने बताया कि अभी तक 80 हजार से अधिक मास्क बनवाकर गरीबों में वितरित कर चुके हैं। इसके साथ ही लोगों को सामाजिक दूरी के पालन के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।
वानर सेवा के तहत बंदरों को खिला रहे चना
गायत्री परिवार युवा प्रकोष्ठ की टीम बंदरों की सेवा के लिए रोजाना सुबह सात बजे घर से निकलती है। रेलवे स्टेशन से लेकर रानी चंदेली मार्केट और गुंड मंडी सहित अन्य जगहों पर मिलने वाले बंदरों, गोवंश को पेट भरने के लिए चना, तरबूज, खीरी, टमाटर, हरी घास आदि वितरित करती है।