महेवागंज। सदर कोतवाली के एक गांव में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के बाद 20 दिन पहले उसकी मौत के आरोप में शनिवार को पुलिस ने शव को कब्र से निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। हालांकि, पुलिस ने अभी प्राथमिकी दर्ज नहीं की है लेकिन आरोपियों की तलाश में दबिश देनी शुरू कर दी है।
किशोरी के परिजनों ने बताया था कि आठ दिसंबर को गांव के ही तीन युवकों ने दादी के साथ सो रही किशोरी को मुंह दबाकर अगवा कर लिया। आरोप है कि 400 मीटर दूर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। बेसुध हालत में उसे छोड़कर तीनों मौके से भाग निकले थे।
बताते हैं कि शिकायत करने पर आरोपियों ने परिजनों को जानमाल की धमकी देकर काफी दिनों तक धमकाया। शनिवार को मौका पाकर परिजनों ने डीएम और एसपी से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई। इसके बाद शनिवार को कोतवाली पुलिस कब्रिस्तान पहुंची तो मौके पर काफी भीड़ लग गई। नायब तहसीलदार आलोक मिश्रा और इंस्पेक्टर राजेश सिंह की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकाला गया। मौके की वीडियोग्राफी भी की गई।
मामले में एक एसएसबी जवान की भूमिका सामने आई है। मुख्य आरोपी घर से भागे चल रहे हैं। बताया जाता है कि तीनों आरोपी चोरी आदि के मामले में जेल भी जा चुके हैं। कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। चिकित्सकों के पैनल और वीडियोग्राफी के बाद जो भी रिपोर्ट आएगी, उसी के हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।