निघासन। पडुखिया गांव में खेतों से शीशम, जामुन और अर्जुन के कई पेड़ कटवाने का मामला सामने आया है। खेत मालिकों की शिकायत पर वन विभाग की टीम ने मौके से कटी लकड़ी कब्जे में ले ली। एक आरोपी को पूछताछ के लिए रेंज कार्यालय ले जाया गया।
विज्ञापन
गांव निवासी रमेश वर्मा और शुभान अली ने लुधौरी रेंजर को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि उनके खेतों में खड़े पेड़ पड़ोसी खेत मालिक ने ठेकेदार को बेच दिए। इसके बाद ठेकेदार ने पेड़ कटवा दिए। जानकारी होने पर दोनों खेत मालिक मौके पर पहुंचे, लेकिन संबंधित लोग वहां से भाग गए।
शिकायत पर वन दरोगा अखिलेश रावत टीम के साथ पहुंचे। टीम ने कटी लकड़ी कब्जे में लेने के साथ पेड़ों की लंबाई, मोटाई और जड़ों की नापजोख की। इसके बाद एक आरोपी को पूछताछ के लिए रेंज कार्यालय ले जाया गया।