लखीमपुर खीरी। सहकारी चीनी मिल संपूर्णानगर में खराब हुई तीन लाख क्विंटल चीनी (बीआईएसएस) की बिक्री करने के लिए टेंडर प्रक्रिया में 13.60 लाख के गोलमाल का आरोप लगाया जा रहा है। आरोप है कि यहां खराब चीनी को 2825 रुपये प्रति क्विंटल में न देकर अधिकारियों ने 2757 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से एक ट्रेडर्स (बिचौलिया फर्म) को बेच दिया है। इससे सहकारी मिल को 13.60 लाख रुपये का घाटा पहुंचाया गया, जिसकी शिकायत क्वालिटी गुड़ उद्योग के मालिक राजे गुप्ता ने डीएम और गन्ना आयुक्त से की है। उन्होंने बताया है कि संपूर्णानगर मिल में खराब हुई चीनी खरीदने के लिए ई-टेंडर डाला था। आरोप है कि टेंडर प्रक्रिया के दौरान अधिकारियों ने शैक्षिक योग्यता पूछकर उन्हें हतोत्साहित करने का प्रयास किया, जिसके बाद टेंडर पास कराने के लिए सुविधा शुल्क मांगा गया। इसके बाद उनका टेंडर बिड में शामिल न करके बरेली के ट्रेडर्स को सस्ते रेट पर चीनी बेच दी। संपूर्णानगर चीनी मिल के सभापति/डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। इसकी जांच कराई जा रही है, जिसके बाद कोई निर्णय लिया जाएगा।