पलियाकलां। पीआरडी जवानों ने विभाग के ब्लॉक ऑफीसर पर एक पीआरडी जवान के साथ मिलकर ड्यूटी लगाने के नाम पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाया है। विरोध-प्रदर्शन कर विधायक समेत उच्च अधिकारियों को शिकायती पत्र भी भेजा है। जवानों का आरोप है कि इस बारे में जब जिला ऑफिसर से बात की गई तो उन्होंने भी ठीक ढंग से जवाब नहीं दिया। पीआरडी जवानों ने वसूली में शामिल पीआरडी जवान को यूपीआई के जरिए भेजे गए रुपयों का स्क्रीनशॉट भी पत्र के साथ भेजा है।
पलिया क्षेत्र के पीआरडी जवानों ने विधायक रोमी साहनी को बीते दिनों ज्ञापन देकर बताया था कि विभाग के ब्लाक आफिसर व जिले के पीआरडी अधिकारी द्वारा जवानों की तैनाती में शोषण किया जा रहा है। कार्यालय में ही तैनात एक पीआरडी जवान की ओर से ड्यूटी के लिए अनुचित मांग की जाती है। रुपयों की मांग पूरी करने के बाद भी कई-कई महीने ड्यूटी नहीं दी जाती है। इसको लेकर जब जिला पीआरडी अधिकारी से बात करते हैं तो वह भी कोई ठीक जवाब नहीं देते हैं। परेशान होकर पीआरडी जवानों ने मंगलवार को विरोध-प्रदर्शन किया। कहा कि अधिकारी की शह पर आरोपी पीआरडी जवान नौकरी से निकालने की बात कहता है। उनके पास पीआरडी जवान के नंबर पर यूपीआई से भेजे गए रुपयों का स्क्रीन शाॅट भी मौजूद है। मामले में विधायक रोमी साहनी ने सीडीओ से बात की है।