लखीमपुर खीरी/फूलबेहड़। ग्राम मेहंदी निवासी युवक की जयपुर में रविवार की देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि ठेकेदार जयपुर से युवक का शव यहां लाया और घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर फेंक भाग गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के मेहंदी गांव निवासी कैलाश गौतम (30) पुत्र संबारी गांव के सात-आठ ग्रामीणों को लेकर गांव का दो ठेकेदार जयपुर गए थे। मृतक के छोटे भाई बलवंत कुमार ने बताया कि छह दिन पहले बड़े भाई घर से गए थे। जाने के बाद मात्र एक बार पत्नी सरिता देवी से फोन पर बात कराई गई। फोन पर उन्होंने बताया था कि काम मिल गया है। उन्होंने किसी बीमारी या परेशानी के बारे में जिक्र नहीं किया।
परिजनों का आरोप है कि रविवार की रात 11 बजे घर के बाहर सड़क पर भाई कैलाश का शव गांव के ही ठेकेदार फेंक कर भाग गए। परिजन घर से बाहर निकले तो शव रास्ते पर पड़ा देख चीख पड़े। परिजनों ने रात को ही फूलबेहड़ पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फूलबेहड़ प्रभारी निरीक्षक आलोक धीमान ने बताया कि कैलाश राजस्थान में मजदूरी करने गया था। पता नहीं की उसकी मौत वहां हुई या रास्ते में। मृतक की पत्नी सरिता देवी ने तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।