लखीमपुर खीरी। लोकसभा चुनाव की आचार संहिता समाप्त होने के बाद जनता दर्शन कार्यक्रम शुरू हो गया। सोमवार को कलक्ट्रेट में डीएम, एसपी और विकास भवन में सीडीओ के अलावा सभी जिला स्तरीय अफसरों के पास फरियादी पहुंचे हैं। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने विभिन्न मामलों की करीब 30 और एसपी कार्यालय में एसपी गणेश प्रसाद साहा ने करीब 20 से अधिक शिकायतें सुनीं।
जिलाधिकारी सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक जनता दर्शन में बैठे और फरियादियों की फरियाद सुनीं। शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अफसरों को निर्देश जारी किए। सोमवार को डीएम के पास जमीन विवाद से संबंधित विभिन्न शिकायतें पहुंची। एसपी के पास मारपीट, चोरी खुलासा न होने आदि विभिन्न मामले पहुंचे। एसपी ने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता में किया जाए।
विकास भवन में भी कई फरियादी अपनी-अपनी समस्या लेकर पहुंचे। अभी तक लोकसभा चुनाव की व्यस्तता के चलते जनता दरबार नहीं लग पता है, लेकिन अब चुनाव खत्म होते ही जनता दर्शन शुरू हो गया है।