लखीमपुर खीरी। महिला अपराधों पर लगाम लगाने और त्वरित न्याय मिले, इसके लिए हर थाने पर बनी महिला हेल्प डेस्क की प्रभारियों को सीयूजी नंबर जारी किए गए हैं। इन नंबरों पर कॉल करते ही महिला पुलिस पांच मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुुंचेगी।
एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि छात्राओं व महिलाओं के साथ होने वाली घटनाओं के दौरान पीड़िता 1090 पर कॉल करती थीं। इस दौरान कॉलर की बात पुलिसकर्मियों तक पहुंचाने में कुछ समय लग जाता था और अपराधी अपराध करने के बाद भाग जाता था। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए एडीजी ने थानों पर बने महिला हेल्प डेस्क प्रभारियों को सीयूजी नंबर जारी करने का आदेश जारी किया था। इसके बाद सभी 28 थानों पर यह नंबर जारी कर दिए गए हैं। कहा कि स्कूटी शासन से ही एलाॅट होगी। अगर यहां आएगी तो निश्चित तौर पर प्रभारियों को दी जाएगी। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि इस साल मिशन शक्ति केंद्रों की सुविधाओं में पहले से ज्यादा इजाफा किया जाएगा।
कम होगा 112 का कार्य, त्वरित मिलेगा न्यायः अभी तक हेल्प डेस्क की प्रभारी अपना नंबर प्रयोग करती थीं। ऐसे में कई बार तमाम समस्याओं का सामना भी करना पड़ता था। अवकाश पर होने के चलते सूचना अदान प्रदान में काफी दिक्कतें होती थीं। इन्हीं समस्याओं को कम करने के लिए यह कदम उठाया गया है। एसपी का कहना है कि सीयूजी नंबर जारी होने के बाद 112 के कर्मचारियों का कार्य भी कम हो सकेगा। महिला डेस्क प्रभारी स्वयं से निर्णय ले सकेंगी।