विकास कार्यों को लेकर ब्लाक के कर्मचारी कितने गंभीर हैं, इसका अंदाजा नकहा ब्लाक को देखकर लगाया जा सकता है। यहां 11 बजे तक सिर्फ एक ही कर्मचारी दफ्तर पहुंचा था। बीडीओ से लेकर बाबू तक सभी गैरहाजिर थे।
ब्लाक दफ्तर की यह दशा देखकर ईसानगर में चौपाल कार्यक्रम में जा रहे परियोजना निदेशक (पीडी) डॉ दिनेश कुमार सिंह भी दंग रह गए। पीडी ने गैरहाजिर रहने वाले सभी छह कर्मचारियों पर कार्रवाई के लिए सीडीओ नितीश कुमार को रिपोर्ट भेजी है।
जिले में नई ग्राम पंचायतों के गठन के बाद विकास योजनाओं को लेकर ब्लाकों पर बड़ी जिम्मेदारी है। इसे लेकर अधिकारी बेहद गंभीर भी हैं, लेकिन ब्लाक के कर्मचारियों की लापरवाही अब भी बरकरार है। पीडी की रिपोर्ट के मुताबिक औचक निरीक्षण के दौरान ब्लाक दफ्तर की उपस्थिति पंजिका देखी गई तो वहां मात्र सहायक लेखाकार अजय कुमार सक्सेना ही मौजूद मिले। जबकि बीडीओ सुनील कुमार, आरईडी के अवर अभियंता शफीक अहमद, सहायक विकास अधिकार रामप्रकाश शुक्ला, एनआरईपी अजय प्रकाश श्रीवास्तव, वरिष्ठ सहायक प्रदीप कुमार, रामकुमार वर्मा, ललित कुमार और पत्रवाहक अंबरीश कुमार वर्मा गैरहाजिर मिले।
पीडी के पूछने पर मौजूद सहायक लेखाकार अजय कुमार सक्सेना ने गैरहाजिर कर्मचारियों के बारे में अवगत कराया। पीडी ने कर्मचारी अजय कुमार सक्सेना द्वारा बताई गई बातों को शामिल करते हुए कार्रवाई के लिए रिपोर्ट सीडीओ को भेज दी है। पीडी ने बताया कि गांवों में निरीक्षण के लिए जाने वाले अन्य अधिकारियों से भी इस तरह से औचक निरीक्षण के लिए कहा जाएगा। ताकि लापरवाही कर्मचारियों को चिहिन्त किया जा सके।