वृक्षारोपण जन आंदोलन की तैयारियों की समीक्षा करतीं नोडल अधिकारी।
खीरी पहुंचीं नोडल अधिकारी ने वृक्षारोपण जन आंदोलन की तैयारियों की समीक्षा की
लखीमपुर खीरी। पौधरोपण जन आंदोलन-2022 के लिए शासन से नामित नोडल अधिकारी व वाणिज्य कर आयुक्त मिनिष्ति एस रविवार को दोपहर बाद जनपद पहुंचीं। उन्होंने आजादी के अमृत महोत्सव पर पौधरोपण अभियान की तैयारियों, क्रियान्वयन की समीक्षा की।
कलक्ट्रेट सभागार में अभियान की तैयारियों का पावर पॉइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से डीएफओ संजय विश्वाल ने ब्योरा प्रस्तुत किया। इसके बाद नोडल अधिकारी मिनिष्ति एस ने डीएफओ को निर्देश दिए कि सभी अफसरों को हरीतिमा एप का लॉगिन पासवर्ड उपलब्ध करा दिया जाए। वहीं विभागीय स्तर पर उन अधिकारियों की जिम्मेदारी दें, जो विभाग की समेकित सूचना कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराएंगे। डीएफओ से नर्सरी में पौधे की उपलब्धता, पौधारोपण में प्रयुक्त प्रजातियों की जानकारी ली।
डीएम ने बताया कि शासन से प्राप्त निर्देश पर खीरी में कुल 91,15,818 पौधारोपण कराया जाएगा। आवंटित लक्ष्य में वन विभाग (दक्षिण खीरी वनप्रभाग - 1649583 पौध, उत्तर खीरी वन प्रभाग - 467853 पौध) कुल 2117436 पौधारोपण एवं कार्यदायी 26 विभागों द्वारा 6998382 पौधारोपण किया जाएगा। 51 नर्सरी से पौधों की सप्लाई की जा रही है। इलेक्शन मोड में पूरे अभियान की मॉनिटरिंग की जाएगी, जिसमें सेक्टर-जोनल मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौपी है। डीएम ने बीएसए को निर्देश दिए कि सोमवार को परिषदीय विद्यालयों वृक्षारोपण जागरूकता रैली निकाल कर लोगों को जागरूक करें।