पड़ोसी देश नेपाल की राजधानी काठमांडू में कथित तौर पर अलकायदा के 20
आतंकियों के पकड़े जाने की खबर से सुरक्षा एजेंसियों में खलबली मच गई है।
इसे देखते हुए गढ़ी रोड स्थित एसएसबी तृतीय बटालियन के डीआईजी उपेंद्र
बलोदी ने इंडो-नेपाल बार्डर पर सुरक्षा इंतजामों में सतर्कता बरतने का
निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि चंदन चौकी से लेकर बहराइच और श्रावस्ती
जिले की 252 किलोमीटर की सीमा पर एसएसबी जवानों को अलर्ट किया जा रहा है।
इस दौरान सीमा से गुजरने वाले लोगों की सघन तलाशी ली जाएगी।
आतंकी
गतिविधियों को लेकर एसएसबी ने खुफिया एजेंसियों से भी तालमेल बढ़ा दिया है।
डीआईजी ने कहा कि 25 दिसंबर और नए साल के मौके पर बार्डर पर खतरे की आशंका
बढ़ गई है, बताया कि जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव कराकर लौट रही
एसएसबी की 15 कंपनियों को जल्द ही बार्डर पर तैनात कर दिया जाएगा और 24
दिसंबर की शाम से ही चौकसी बरतनी शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए एसएसबी की ओर
से जिला पुलिस को भी सतर्क रहने को कहा जा रहा है। संयुक्त रूप से सघन
चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।