गली-गली में नजर आएंगे, मोदी, शक्तिमान, डोरेमन
इस होली में एके 56 और एके 47 जैसी बंदूकों से गोलियां नहीं रंग बरसेगा। बाजार में इस बार एके-47, एके-56, पिस्टल, रिवाल्वर रायफल नाम और आकृति वाली पिचकारियां बाजार में खूब बिक रहीं हैं। होली के लिए बाजार में एक से एक स्टाइलिश पिचकारियां, पगड़ी, कैप, मुखौटे और बालों की बिग आदि से बाजार पटी पड़ी है। मुखौटों में मोदी के चेहरे वाले मुखौटे काफी लोकप्रिय हो रहे हैं।
एक से बढ़ कर एक स्टाइलिश पिचकारियां बाजार में
बाजार में 50 रुपये से लेकर 1800 रुपये मूल्य तक की स्टाइलिश पिचकारियां बाजार में उपलब्ध हैं। इन पिचकारियों में एके-56, एके 47, मिसाइल, पिस्टल, रिवाल्वर और राइफल आदि के नाम और आकृति की पिचकारियां बाजार में खूब बिक रही है। गन के नामों के अलावा कार्टून, टैंक, बॉबी डाल, डोरेमन, बेनटेन और माइक वाली पिचकारियां भी खूब बिक रही हैं।
मोदी के मुखौटे की बाजार में मांग ज्यादा
रंग खेलने के दौरान चेहरे को ढकने के लिए एक से एक मुखौटे बाजार में बिक रहे हैं। इनमें मोदी के चेहरे वाले मुखौटों की जबरदस्त मांग है। इनके अलावा शक्तिमान, डोरेमन, कार्टून, शेर, भालू, डॉग, हाथी, बंदर आदि के साथ भूत, प्रेत के चेहरे वाले मुखौटे भी लोगों की पसंद बने हुए है। बच्चे इन स्टाइलिश मुखौटों को काफी पसंद कर रहे हैं। इसके चलते इनकी खूब बिक्री हो रही है।
गुजराती और राजस्थानी पगड़ी की छटा निराली
पिचकारियों और मुखौटों के अलावा सिर ढकने के लिए गुजराती और राजस्थानी पगड़ी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। यह पगडिय़ां बच्चों और युवाओं को खूब लुभा रही हैं। इसके साथ ही हैट, स्टाइलिश कैप और बालों की बिग आदि भी बाजार में उपलब्ध हैं।
-------
हर्बल रंग गुलाल की बहार
शहर की बाजारों में सजी दुकानों पर साधारण रंग और गुलाल के साथ-साथ हर्बल रंग और गुलाल भी बाजार में सजे हैं। लोग हर्बल रंग गुलाल को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। इस बार दुकानों पर हर्बल रंग गुलाल के गिफ्ट पैक भी बाजार में 10 रुपये से 500 रुपये तक में उपलब्ध हैं।