तीन दिन पहले गन्ना सेंटरों पर शुरू हो जाएगी तोल
500 से अधिक गन्ना सेंटर चालू करने का अनुमान
हरगांव मिल में चार नवंबर से शुरू होगी गन्ने की पेराई
गन्ना किसानों के लिए अच्छी खबर है कि सभी चीनी मिलों ने पेराई सत्र प्रारंभ करने की तिथि निश्चित कर दी है। पड़ोसी सीतापुर जनपद की हरगांव मिल में चार नवंबर 2016 से पेराई सत्र प्रारंभ हो जाएगा, जिसके बाद सात नवंबर 2016 को जनपद की अजवापुर, गोला और खंभारखेड़ा मिलों में पेराई सत्र प्रारंभ होगा। जबकि शेष छह चीनी मिलों के प्रबंध तंत्र ने 10 नवंबर 2016 से पेराई प्रारंभ करने की तिथि निश्चित की है। पेराई शुरू होने की तिथि से तीन दिन पहले गन्ना सेंटरों पर तोल शुरू की जानी है।
पेराई सत्र 2016-17 में गन्ना सर्वे के बाद चार लाख 52 हजार गन्ना किसान समितियों में पंजीकृत हुए हैं, जिसमें 12 हजार नए गन्ना किसान शामिल हैं। जिला गन्ना विभाग के मुताबिक जनपद की नौ मिलों में से अजवापुर, गोला और खंभारखेड़ा के प्रबंध तंत्र सात नवंबर 2016 को पेराई सत्र का शुभारंभ करेगा, जिसके लिए मिलें गन्ना सेंटरों के माध्यम से तीन दिन पहले किसानों से गन्ने की खरीद शुरू कर देंगी। जबकि पड़ोसी जनपद की हरगांव चीनी मिल में चार नवंबर से पेराई सत्र प्रारंभ होगा, जिसमें लखीमपुर, बेहजम और फरधान क्षेत्र के हजारों किसान गन्ना सप्लाई करते हैं। हालांकि अभी शासन ने सुरक्षण आदेश जारी नहीं किया है, जिससे मिलों का लक्ष्य निर्धारित होना शेष है। वहीं राज्य सरकार की ओर से अभी गन्ना मूल्य घोषित न किए जाने से चीनी मिलें तोल पर्ची पर पुराना रेट ही अंकित करेंगी। गन्ना सप्लाई के लिए भेजी जाने वाली पर्ची के साथ ही एसएमएस से किसानों को जानकारी मुहैया कराई जाएगी।
छह मिलों में 10 नवंबर को पेराई सत्र का आगाज
जिला गन्ना अधिकारी जगदीश चंद्र यादव ने बताया कि गुलरिया, कुंभी, बेलरायां, संपूर्णानगर, पलिया और ऐरा मिलों के अध्यासियों ने 10 नवंबर 2016 को पेराई सत्र प्रारंभ करने की तिथि निर्धारित हुई है। इस बार करीब 500 गन्ना सेंटर स्थापित किए जाएंगे। किसानों को सुविधाएं प्रदान करने के साथ ही घटतोली से निजात दिलाई जाएगी।