लखीमपुर खीरी/खमरिया। धौरहरा तहसील और विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ऐरा-ईसानगर मार्ग के चौड़ीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग को शासन से 52 करोड़ 11 लाख 93 हज़ार की राशि स्वीकृत हुई है। 14 किमी सड़क सात मीटर चौड़ी की जाएगी। इससे क्षेत्रीय लोगों के लिये ईसानगर का रास्ता और भी सुगम हो जाएगा। इससे आसपास के दर्जनों गांवों की 80 हजार से ज्यादा की आबादी को लाभ पहुंचेगा।
यूपी सरकार में काबीना और लोक निर्माण विभाग मंत्री जितिन प्रसाद ने बताया कि जनपद लमीमपुर के ऐरा-ईसानगर के चैनेज 4.850 से 18.900 में चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण के लिए शासन से 52 करोड़, 11 लाख 93 हजार की स्वीकृति प्राप्त हुई है। जिस पर जल्द ही काम शुरु हो जाएगा। बता दें कि अभी ऐरा से ईसानगर के लिए सिंगल रोड ही है।
इससे आवागन में काफी दिक्कत होती है। विशेषकर गन्ना के सीजन में गांवों से चीनी मिल को गन्ना लाने वाले किसानों को भारी मुश्किल का सामना करना पड़ता है। साथ ही समय भी अधिक लगता है। खमरिया से ईसानगर की रोड काफी पुरानी बनी हुई है, जिस कारण जर्जर हो चुकी है। कई बार रिपेयर की जा चुकी है, लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं हुआ।
जेई अमित के मुताबिक, चार महीने पहले सड़क के चौ़ड़ीकरण का प्रस्ताव गया था, जिस पर अब बजट की मंजूरी मिल गई है।
80 हजार की आबादी को पहुंचेगा लाभ
विधानसभा धौरहरा की ग्राम सभा ऐरा से ईसानगर, खमरिया पंडित, सरैया, मूसेपुर, फूलपुर, सेमराहना, नवरंगपुर, रायपुर, नरगडा करीब एक दर्जन गांव इस रोड से जुड़ेंगे। इनमें निवास कर रही लगभग 80,000 की आबादी को लाभ पहुंचेगा। दूर दराज से खमरिया में स्कूल कॉलेज आने वाले छोटे बच्चे को भी सहूलियत मिल सकेगी। खमरिया से ईसानगर की दूरी 14 किलोमीटर है जबकि पीलीभीत बस्ती हाईवे से खमरिया से ईसानगर की दूरी 27 किलोमीटर है। खमरिया से ईसानगर जाने में इस तरह लगभग 13 किलोमीटर की दूरी कम पड़ जाएगी।