बेलाकलां गांव में बनी टंकी का पानी न मिलने से नाराज गांव के लोगों ने पूर्व कनिष्ठ ब्लाक प्रमुख के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। उन्होंने डीएम से टंकी का शुद्ध पानी मुहैया कराने के लिए संबंधितों को निर्देशित करने की मांग की।
ग्राम पंचायत बेलाकलां में स्कूल के पास जलनिगम ने टंकी का निर्माण कराया था। ग्रामीणों का आरोप है कि पानी सप्लाई के लिए जो पाइप डाले गए थे वे बेहद घटिया किस्म के थे। इसके चलते जल्द ही टूट गए। इससे गाव वालों को टंकी का शुद्ध पानी नहीं मिल रहा है। हालांकि आपरेटर सुनील ने कई बार पाइप लाइन को ठीक कराया। ग्रामीणों का कहना है कि घरों में लगे हैंडपंप का दूषित पानी पीकर दर्जनों लोग संक्रामक बीमारियों से पीड़ित हैं मगर संबंधित विभाग कुंभकर्णी नींद सो रहा है। इसी से नाराज ग्रामीणों ने पूर्व कनिष्ठ ब्लाक प्रमुख कांशीराम की अगुवाई में टंकी के पास एकत्र होकर जलनिगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने नए पाइप डालकर जल्द पानी सप्लाई चालू करने के लिए डीएम से संबंधितों को निर्देशित करने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में कमाल अहमद, विनोद, विश्राम, मुनव्वर, रामआसरे, घासी, सज्जाद अली, राजेंद्र सहित कई लोग शामिल थे।