मझगईं। अवैध खनन से जुड़े मामले में बृहस्पतिवार को पकड़ी गई ट्रैक्टर-ट्राॅली को ग्रामीणों के हंगामे के बाद वन विभाग को छोड़ना पड़ा।
मझगई रेंजर अंकित सिंह के अनुसार यह कार्रवाई अक्तूबर 2025 में हुए अवैध खनन के एक मामले से जुड़ी है। उस समय गदियाना गांव के लोगों ने वन विभाग की ओर से पकड़ी गई ट्रैक्टर-ट्रॉली को जबरन छुड़ा लिया था। इसके बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। बृहस्पतिवार को वही ट्रैक्टर-ट्रॉली गन्ना लेकर सलीमाबाद चौराहे से गुजरते देखी गई। इसी दौरान विभाग ने उसे सुपुर्दगी में ले लिया। ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े जाने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं रेंज कार्यालय पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन को देखते हुए विभाग ने गन्ना लदी ट्रॉली को फिलहाल छोड़ दिया है। रेंजर अंकित सिंह ने बताया कि संबंधित पक्ष को दो दिन का समय दिया गया है। इस अवधि के भीतर जुर्माना जमा कर प्रकरण का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।