बांकेगंज। डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा टूटने के बाद मोतीपुर गांव में हुए बवाल के चौथे दिन शुक्रवार को भी गांवों में सन्नाटा पसरा रहा। गिरफ्तारी के डर से उपद्रव में शामिल कई लोग घर छोड़कर भाग गए हैं।
ग्रंट नंबर 10 पंचायत के मोतीपुर गांव में हुए विवाद के बाद पुलिस लगातार कार्रवाई में जुटी है। अब तक 74 नामजद और 200 अज्ञात आरोपियों में से 32 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
शुक्रवार को भी इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी रही। गांवों में सन्नाटा रहा, हालांकि बाजार और सड़कों पर सामान्य चहल-पहल देखने को मिली। गांव में बचे लोग भी घरों से निकलने में संकोच कर रहे हैं। वहीं बच्चे सुबह स्कूल जाते समय ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का अभिवादन करते नजर आए।
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिम अमित कुमार राय क्षेत्र में कैंप कर हालात पर नजर बनाए हुए हैं। एसडीएम गोला प्रतिक्षा त्रिपाठी, तहसीलदार भीमचंद्र और नायब तहसीलदार ताहिर परवेज समेत राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर तैनात है।
पुलिस लगातार गांवों में दबिश दे रही है, लेकिन गांव खाली होने से वांछित आरोपी पकड़ में नहीं आ रहे हैं। एएसपी अमित कुमार राय ने बताया कि पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।