भगतपुर गांव के पास से पकड़ा गया बाघिन का मादा शावक।संवाद
ममरी। मोहम्मदी वन रेंज क्षेत्र में मां से बिछड़ा बाघिन का शावक भटककर भगतपुर गांव पहुंच गया। बरगद के पेड़ के नीचे विचरण करते शावक को वन कर्मियों की टीम पकड़कर महेशपुर रेंज कोठी में ले आई। एसडीओ की मौजूदगी में डाक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण किया। डेढ़ माह का शावक पूरी तरह स्वस्थ बताया है।
बृहस्पतिवार को बाघिन का एक मादा शावक भगतपुर गांव के पास बरगद के पेड़ के नीचे विचरण करते देखा गया। शुक्रवार को वनकर्मियों की टीम उसे जैसे-तैसे पकड़ कर महेशपुर रेंज कोठी ले आई। रेहरिया पशु चिकित्सालय के डॉ. पुष्पेंद्र सिंह, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहन सिंह ने एसडीओ अभय प्रताप सिंह, रेंजर नरेश पाल सिंह और गोला रेंजर संजीव तिवारी की मौजूदगी में शावक का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शावक पूरी तरह स्वस्थ बताया है। शावक को रेंज कोठी में रखा गया है।
बाघिन नहीं मिली तो चिड़ियाघर जाएगा शावक
शावक को उसकी मां से मिलाने का प्रयास किया जा रहा है। शावक को बाघिन या तो छोड़ गई होगी या फिर वह अपनी मां से बिछड़ गया होगा। वनकर्मियों की टीम बाघिन का पता लगा रही है, यदि बाघिन का पता चलता है तो शावक को उसके पास पहुंचा दिया जाएगा। बाघिन नहीं मिली तो उच्च अधिकारियों से विमर्श कर शावक को चिड़ियाघर पहुंचाया जाएगा। शावक के बारे में सूचना डीएफओ संजय बिस्वाल को दे दी गई है।
अभय प्रताप सिंह, एसडीओ