गोला गोकर्णनाथ। नगर पालिका परिसर में बन रहा ऑडिटोरियम शहर को ढाई दशक के इंतजार के बाद नए साल में मिल सकता है। वर्ष 2002-03 में करीब 2.70 करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण शुरू हुआ था।
बजट की कमी से काम कई बार रुका। अब जनवरी 2027 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य है। प्रेक्षागृह में 400 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसमें एक मुख्य प्रवेश द्वार और पांच अन्य दरवाजे बनाए गए हैं।
निर्माण के लिए वर्ष 2018-19 में पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत 171.48 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया। इसमें एक करोड़ रुपये स्वीकृत हुए। पहली किस्त के 50 लाख रुपये से सजावट, बिजली, टाइल्स, गेट, मंच और पीसीसी पैनलिंग का काम कराया गया। इसके बाद कोरोना काल में निर्माण फिर रुक गया। देखरेख के अभाव में बंदरों ने फॉल्स सीलिंग को भी नुकसान पहुंचाया।
नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने बताया कि दूसरी किस्त के 50 लाख रुपये से फर्श, प्लंबिंग, बिजली, फॉल्स सीलिंग, पुट्टी-पेंट, दरवाजे-खिड़कियों और रेलिंग का काम कराया जा रहा है। ऑडिटोरियम बनने से शहर में धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान रखा जा रहा है।
-15वें वित्त आयोग से 71.90 लाख रुपये अतिरिक्त स्वीकृत-
नगर पालिका के जेई सिविल अनिल कुमार यादव ने बताया कि 15वें वित्त आयोग से 71.90 लाख रुपये अतिरिक्त स्वीकृत हुए हैं। ऑडिटोरियम में 85.5 टन क्षमता का सेंट्रल एसी भी लगाया गया है।